छोड़कर सामग्री पर जाएँ

हिंदी पखवाड़ा समारोह 2026

    राष्ट्रीय डिज़ाइन संस्थान, असम में 16 सितंबर 2026 से 24 सितंबर 2026 तक हिंदी पखवाड़ा समारोह 2026 का आयोजन बेहद उत्साह और हर्षोल्लास के साथ किया गया। विभागीय राजभाषा कार्यान्वयन समिति के तत्वावधान में इस दौरान कर्मचारियों की कार्यक्षमता और हिंदी के प्रति रुचि बढ़ाने के लिए कई रोमांचक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। संस्थान के अनेक कर्मचारियों ने इन प्रतियोगिताओं में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।

    इस पखवाड़े के दौरान ज्ञान और साहित्य के प्रचार-प्रसार के लिए ज्ञान प्रबंधन केंद्र/ पुस्तकालय में एक दिवसीय हिंदी पुस्तक प्रदर्शनी का भी विशेष आयोजन किया गया। इस प्रदर्शनी में कर्मचारियों और विद्यार्थियों को हिंदी साहित्य, शब्दावली और राजभाषा से जुड़ी विविध पुस्तकों से परिचित कराया गया।

    पखवाड़े के अंतिम दिन, यानी 24 सितंबर 2026 को एक विशेष हिंदी कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस कार्यशाला का मुख्य विषय "हिंदी शिक्षण योजना" था। कार्यक्रम के मुख्य वक्ता श्री विक्रांत कुमार, वरिष्ठ प्रबंधक (राजभाषा), यूनियन बैंक ऑफ इंडिया, जोरहाट थे। उन्होंने अपने व्याख्यान में प्रशासनिक कार्यों में हिंदी के सरल उपयोग और भारत सरकार की हिंदी शिक्षण योजनाओं के लाभों पर विस्तार से प्रकाश डाला।

    कार्यशाला और पुस्तक प्रदर्शनी के सफल समापन के पश्चात एक भव्य पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें मुख्य अतिथि और संस्थान के अधिकारियों द्वारा सभी विजेताओं को पुरस्कृत किया गया। यह पखवाड़ा संस्थान में राजभाषा हिंदी के प्रयोग को दैनिक प्रशासनिक व शैक्षणिक कार्यों में बढ़ावा देने में अत्यंत सफल सिद्ध हुआ।

    Last Updated on अक्टूबर 28, 2026